अदालती आदेश आने के बाद भी वसूला जा रहा था टोल टैक्स
विधायक बैंस पहुंचे मौके पर, कई गाड़ियों को निकलवाया
वीरवार को पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर करेंगे कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
कपूरथला की अदालत से लाडोवाल टोल प्लाजा को बंद करने के आदेश के बावजूद भी बुधवार को लाडोवाल टोल प्लाजा पर से गुजरने वाले वाहनों से टोल टैक्स लिया जा रहा है। कुछ लोगों ने इसका विरोध किया, लेकिन टोल प्लाजा के अधिकारियों ने किसी भी वाहन को टैक्स लिए बिना जाने नहीं दिए। इसी दौरान लोक इंसाफ पार्टी के प्रमुख और विधायक सिमरजीत सिंह बैंस वहां पहुंचे और उन्होंने टोल प्लाजा के अधिकारियों से बात की। जिसके बावजूद भी वह वाहनों से टैक्स वसूलते रहे। विधायक बैंस ने थाना लाडोवाल पुलिस से भी इसकी शिकायत की और वीरवार को पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह गिल से मुलाकात कर इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की जाएगी। वह वीरवार को पुलिस कमिश्नर से अदालत के आदेशों पर तामील करने की सिफारिश करेंगे।
जानकारी के अनुसार ह्यूमन राइट्स प्रेस क्लब की याचिका में नेशनल हाईवे को पार्टी बनाया गया था। मंगलवार को कपूरथला की अदालत ने टोल प्लाजा पर फीस वसूली बंद करने के आदेश दिए थे। बुधवार को वहां पर फीस वसूली की जा रही है। जिसके बाद विधायक सिमरजीत सिंह बैंस वहां पहुंचे। उन्होंने टोल प्लाजा के अधिकारियों से कहा कि अदालत के आदेश हैं कि इसे बंद किया जाए तो अधिकारियों ने उन्हें कहा कि अभी तक उनके पास कोई आदेश नहीं आए है। जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी थाना लाडोवाल को दी। मगर फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। विधायक बैंस ने बताया कि उन्होंने कुछ गाड़ियां तो वहां से बिना पर्ची दिए निकलवा दी थी, लेकिन टोल प्लाजा वाले अभी भी टैक्स फीस ले रहे हैं। वह वीरवार को पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर अदालत के आदेशों की तामील करने की बात करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके अलावा लोक इंसाफ पार्टी के वर्कर टोल प्लाजा पर लोगों को टैक्स न देने की अपील करेंगे ताकि अदालत के आदेशों की पालना की जा सके।