शिअद ने घेरा डीसी दफ्तर, सीएम के नाम सौंपा पत्र
गांव अतापुर के बुजुर्ग किसान की खुदकुशी का मामला
पुलिस ने परिवार को सौंपा शव, हुआ अंतिम संस्कार
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहगढ़ साहिब।
जिले के गांव अतापुर के बुजुर्ग जसवंत सिंह की मौत के बाद पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए शिरोमणि अकाली की जिला इकाई शुक्रवार को डीसी दफ्तर का घेराव किया। साथ ही दफ्तर के बाहर बस्सी-मोरिंडा रोड धरने पर बैठ गए। अकालियों ने जिला प्रशासन व मामले में लिप्त लोगों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क पर धरना-प्रदर्शन से काफी देर तक यातायात अवरुद्ध रहा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान पूर्व अकाली विधायक दीदार सिंह भट्टी, शिअद जिलाध्यक्ष स्वर्न सिंह चनारथल, हलका अमलोह इंचार्ज गुरप्रीत सिंह राजू खन्ना ने एकसुर में कहा कि किसान जसवंत सिंह के मामले को दबाने के लिए विरोधी पक्ष उन पर दबाव बना रहा है, जिसका शिरोमणि अकाली दल इसका डटकर विरोध करता है। मामले में दोषी लोगों पर कार्रवाई की मांग करता है। साथ ही एलान किया कि शिअद इनसाफ मिलने तक अपना संघर्ष जारी रखेगा। इसके बाद हरकत में आए सिविल एवं पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई का भरोसा देकर उनका धरना समाप्त करवा दिया।
इस दौरान अकाली नेताओं ने एसडीएम मनजीत सिंह और एसएसपी अल्का मीना के दफ्तर पर मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र सौंप संबंधित लोगों पर कार्रवाई मांगी। मांग पत्र में मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि किसान जसवंत सिंह ने पानी की टंकी पर उन सभी लोगों के नाम बोले थे, जो उन्हें परेशान करते थे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। गुरप्रीत सिंह राजू खन्ना ने आरोप लगाते हुए कि फिर भी पुलिस ने किसी व्यक्ति पर कोई कार्रवाई नहीं की और स्थानीय कांग्रेसी विधायक पर इस मामले को दबाने व समझौता करने के आरोप भी लगाए गए हैं। एसपी (डी) हरपाल सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ 32 सेक्टर सरकारी अस्पताल से पोस्टमार्टम करवा शव परिवार को सौंप दिया गया। जसवंत सिंह का शाम को अंतिम संस्कार कर दिया गया है।