बैंकों में कैश न होने पर भड़के किसान, प्रदर्शन
भाकियू ने दी चेतावनी, समाधान नहीं हुआ तो करेंगे आंदोलन
सुनाम ऊधम सिंह वाला (संगरूर)।
बैंकों से पर्याप्त कैश नहीं मिलने पर किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। गुस्साए किसानों ने चेतावनी दी कि यदि इस गंभीर समस्या का समाधान तुरंत नहीं किया गया तो केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा।
शनिवार को सचखंड गुरुद्वारा में भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहां की बैठक में किसानों ने उक्त मुद्दा उठाया। यूनियन के जिला सचिव दरबारा सिंह छाजला ने कहा कि किसानों को धान बेचे हुए एक माह से ज्यादा का समय बीत गया है लेकिन किसानों को पैसा नसीब नहीं हो रहा है। बैंकों के बाहर किसान सुबह से लाइनों में लगे हुए हैं लेकिन बैंक, कैश नहीं होने की बात कह कर कैश नहीं दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तुरंत बैंकों में पर्याप्त कैश की व्यवस्था नहीं की गई तो यूनियन तीखा आंदोलन शुरू करेगी। इसके अलावा छाजला ने सुबह के वक्त खेतों में बिजली सप्लाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि फिलहाल रात को खेतों में बिजली दी जा रही है। इससे गेहूं की बिजाई प्रभावित हो रही है। मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष जसवंत सिंह तोलावाल, जसवीर सिंह मेदेवास, महिंदर सिंह, संत राम, रामशरण सिंह, सुखपाल सिंह मौजूद थे।
---------------------
फोटो:25एसजीआरपी03 सुनाम में किसान यूनियन की बैठक को संबोधित यूनियन केप्रतिनिधि।