स्वस्थ पर्यावरण का संदेश जन जन तक पहुंचाने के लिए एवन साइक्लोग्रीन आयोजित
अंतरराष्ट्रीय साइक्लिस्ट फिरोजा सुरेश ने लुधियाना में एवन साइक्लोग्रीन का किया नेतृत्व
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण का संदेश जन जन तक पहुंचाने के लिए एवन साइक्लोग्रीन राइड 2019 की शुरुआत किप्स मार्केट, सराभा नगर की गई। यह राइड किप्स मार्केट से शुरू हुई और पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी में समाप्त हुई, जहां सीएफओएसई चल रहा है। रैली को लुधियाना के मेयर बलकार संधू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साइकिल सवारों में बड़ी संख्या में स्वास्थ्य के प्रति उत्साही लोगों ने भाग लिया। जिसका नेतृत्व इंटरनेशनल साइक्लिस्ट फिरोजा सुरेश ने किया।
एवन साइक्लोग्रीन रैली की शुरुआत सुबह साढ़े आठ बजे शुरू हुई। इसमें सीनियर सेकेंडरी स्कूल बरवाल, सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराभा नगर, जरखड़ बोर्ड पब्लिक हाई स्कूल के स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया।
इस मौके पर फिरोजा शाह ने कहा कि मेरे लिए हमेशा ही साइकिल चलाने के लिए लोगों को प्रेरित करने का काम खुशी की बात रहा है। यह बहुत महत्वपूर्ण है कि लोगों को उस सकारात्मक प्रभाव के बारे में जागरूक किया जाए। साइकिल चलाने से स्वास्थ्य और पर्यावरण पर काफी अच्छा असर पड़ता है। लगभग 2000 लोगों ने अपने घरों से बाहर निकल कर इस रैली को अपना समर्थन दिया और पूरे जोश से इसमें भाग लिया। कार्यक्रम में संजीव पाहवा, रवि नारंग, गुरमीत कुलार, विक्की कुलार, सतनाम मक्कड़, जीडी कपूर, अशोक कुमार, हितेश, संजय शर्मा, मनीष आहूजा, सुरिंदर बराड़, डीएस चावला, बीएस धीमान, डॉ. केबी ठाकुर, संतोष मोटवानी, और मनोज अरोड़ा एवं कई अन्य उपस्थित थे।
आयोजकों ने बताया कि यह रैली स्वास्थ्य और पर्यावरण के बारे में जागरूकता पैदा करने का एक शानदार तरीका है। इस रैली में कई लोगों ने भाग लिया और मुझे आशा है कि अधिक से अधिक लोग ऐसी राइड्स का आयोजन करेंगे। वहीं साइकिल का उपयोग अधिक से अधिक करेंगे। मेयर बलकार संधू ने कहा कि यह देखना काफी अधिक उत्साहजनक है कि युवा साइकिल चलाने और इससे होने वाले लाभों में रुचि रखते हैं। एवन साइकिल के एमडी ओंकार सिंह पाहवा ने कहा कि इस साल हमारे पास साइकिल को बढ़ावा देने के लिए एक बहुत उपयुक्त साइक्लिस्ट हैं। हमें बहुत खुशी है कि इंटरनेशनल साइक्लिस्ट फिरोजा सुरेश ने इस रैली का नेतृत्व किया। वह वास्तव में हम सभी के लिए प्रेरणा हैं। ऐसे महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रमों में युवाओं को शामिल करने के लिए हम लगातार प्रयासरत हैं।