केंद्रीय मंत्री हरसिमरत ने बठिंडा में एम्स की रखी नींव
शुभारंभ के मौके पर सभी धर्मों के लोगों को साथ लेकर केंद्रीय मंत्री ने की अरदास
एम्स में अड़ंगा लगाने पर कैप्टन सरकार के खिलाफ धरना देने की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। आल इंडिया इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस के निर्माण की शुरुआत शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने सेहत विभाग के प्रिंसिपल सचिव संजीव शर्मा की मौजूदगी में सभी धर्मों के लोगों को साथ लेकर अरदास करने के बाद ईंट लगाकर नींव रखी और काम की शुरुआत कराई।
इस मौके अकाली दल भाजपा के वर्करों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने शुक्रवार का दिन पंजाब, हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश के लिए ऐतिहासिक बताया और पंजाब के मुख्य मंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल पर शब्दीं हमला करते हुए कहा कि कैप्टन सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए बनने वाले इस एम्स अस्पताल के निर्माण को रोकने के लिए हर हथकंडा अपनाया, लेकिन कैप्टन सरकार अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने चुनाव से पहले जिस तरह लोगों से वादे किए थे, उसी वादे के तहत लोगों के हितों को पहल देते हुए एम्स का काम कैप्टन सरकार को शुरू करा देना चाहिए था, लेकिन कैप्टन सरकार तो केंद्र सरकार के अधीन पंजाब की हो रही तरक्की को रोकने के लिए प्रयास कर रही थी। केंद्रीय मंत्री बादल ने कहा कि एम्स के निर्माण को आखिर तक पहुंचाने के लिए अगर उन्हें कैप्टन के घर आगे धरना भी लगाना पड़ा तो वह धरना लगाएंगे। केंद्रीय मंत्री बादल ने आरोप लगाया कि पंजाब में जोर और जबर की सरकार चल रही है। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। जिसे पंजाब के लोगों की कोई परवाह नहीं है। इस मौके पर सेहत विभाग के प्रिंसिपल सचिव संजीव शर्मा, राज्य सभा सदस्य बलविंदर सिंह भूंदड़, पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला, जिला अध्यक्ष जगदीप सिंह के अलावा अकाली दल एवं भाजपा के वर्कर उपस्थित थे।