लुधियाना ने मोगा को 3-1 से हराया
पंजाब स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप में दिखाया हुनर
लुधियाना।
गुरुनानक स्टेडियम के शास्त्री हॉल में डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन लुधियाना की ओर से जूनियर अंडर-19 इंटर डिस्ट्रिक्ट और जूनियर अंडर-17, अंडर-19 पंजाब स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप 2017-18 करवाई जा रही है। इसमें पंजाब से 300 लड़के-लड़कियां हिस्सा ले रहे हैं।
पांच दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता के पहले दिन हुए इंटर डिस्ट्रिक्ट (क्वार्टर फाइनल) सिंगल मुकाबले में लुधियाना ने मोगा को 3-1 से हराया। लड़कों के मुकाबले में मोगा के करन अरोड़ा ने लुधियाना के नवनीत सिंह को 26-24, 21-12 से, लड़कियों के सिंगल मुकाबले में लुधियाना के प्रणव डाबर ने मोगा के सनमप्रीत को 21-13, 21-7 से हराया।
लड़कों के डबल्स मुकाबले में लुधियाना के मिताक्ष गांधी और नवनीत सिंह ने मोगा के अखिल व आयुष को 21-14, 21-17 से, लड़कियों में लुधियाना की शिया शर्मा और रुपिंदर कौर ने मोगा की सनमप्रीत व स्माइल को 21-14, 21-9 से हराया। दूसरे राउंड के सिंगल मुकाबले में संगरूर ने अमृतसर को 3-2 से मात दी। लड़कों के सिंगल मुकाबले में अमृतसर के सतविक महाजन ने संगरूर के रितविक को 21-12, 16-21, 21-16 से, लड़कियों में संगरूर की अग्रिमा ऋषि ने अमृतसर की नूर को 21-18, 21-13 से हराया।
डबल्स के मुकाबले में लड़कों में अमृतसर के ऊधव व मनप्रीत सिंह ने संगरूर के बरिंदर सिंह और अतिफ लतिफ को 21-10, 21-11 से मात दी। लड़कियों में संगरूर की अनमोल व इकादीप ने अमृतसर की सौम्या और नूर को 21-11, 21-12 से हराया। मिक्सड डबल्स में संगरूर के ऋत्विक व अनमोल ने ऊधव व सौम्या को 21-9, 21-12 से हराया।
तीसरे राउंड में सिंगल के मुकाबले में पटियाला ने एसएएस नगर को 3-1 से हराया। लड़कों के सिंगल मुकाबले में पटियाला के अमिश ने एसएएस नगर के पीयूष को 21-8, 21-8 से, लड़कियों के मुकाबले में पटियाला की वंशिका टंडन ने एसएएस नगर की सीरत को 21-8, 21-8 से मात दी। लड़कों के डबल्स मुकाबले में एसएएस नगर के पीयूष व दिव्यांक ने पटियाला के गुरमीत सिंह व केशव को 22-20, 17-21, 21-14 से, लड़कियों में पटियाला की अशमीत व कोमल ने एसएएस नगर की सीरत व गरिमा को 14-21, 21-10, 22-20 से हराया।
चौथे राउंड के सिंगल मुकाबले में जालंधर ने रूपनगर को 3-0 से हराया। लड़कों के सिंगल मुकाबले में जालंधर के मनमोहितप्रीत सिंह ने रूपनगर को 21-11, 21-12 से, लड़कियों में जालंधर की रिया ने रूपनगर की विनी को 21-17, 21-14 से हराया। डबल्स के लड़कों के मुकाबले में जालंधर के पार्थ और अंजू ने रूपनगर के अभिषेक व धीरज को 20-22, 21-14, 21-6 से हराया।