हक न मिलने पर दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
जगरांव (लुधियाना)। जगरांव की अनाज मंडी में अपंग सुअंग लोकमंच की तरफ से पांचवीं लोक अधिकार रैली में प्रदेश भर से पहुंचे दिव्यांगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि हक न दिया तो आंदोलन और तेज होगा। रैली में सीनियर वकील प्रशांत भूषण भी शामिल हुए।
प्रीतम सिंह अखाड़ा और बलविंदर सिंह की अगुवाई में एडवोकेट प्रशांत भूषण ने कहा कि प्रधानमंत्री उनकी तरफ भी ध्यान दें। उन्होंने दावा किया कि यदि सरकार देश के पांच सौ चहेते अमीर घरानों की सिर्फ जायदाद पर एक प्रतिशत ही टैक्स लगा दे तो बीस करोड़ लोगों के लिए पेंशन का प्रबंध हो जाएगा। उन्होंने कहा कि दिव्यांग, बुढ़ापा, विधवा और बेरोजगार पेंशन का हकदार है। खराब सिस्टम के चलते 20 सालों में तीन लाख किसानों ने मौत को गले लगा लिया। देश में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी महंगाई ने जनता को हिलाकर रख दिया है।
दमदमा साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी केवल सिंह, पूर्व विधायक अजीत सिंह, तरसेम जोधा ने कहा कि लाखों की पेंशन लेने वाले मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर सिंह बादल, केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल और पूर्व विदेश मंत्री परनीत कौर बताएं कि वह कहां के गरीब है।