नगर काउंसिल के खिलाफ प्रदर्शन
पानी निकासी का उचित प्रबंध नहीं होने के कारण नारकीय जिंदगी जी रहे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
सुनाम ऊधम सिंह वाला (संगरूर)। मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे वार्ड पंद्रह की एकता कालोनी निवासियों ने नगर काउंसिल के अधिकारियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करके रोष प्रदर्शन किया। साथ ही लोगों ने एलान किया कि चार अक्टूबर को काउंसिल कार्यालय के समक्ष कालोनी निवासी अपने परिवारों समेत रोष प्रदर्शन करेंगे।
एकता कालोनी सुधार कमेटी के अध्यक्ष भरपूर सिंह और सचिव दर्शन सिंह ने बताया पिछले करीब 6 माह से यहां निवासी मांग करते आ रहे हैं कि गंदे पानी की निकासी का उचित प्रबंध किया जाए। ठोस प्रबंध नहीं होने के कारण नालियों का पानी सड़कों पर भरा रहता है। इससे लोगों को आने जाने में भारी दिक्कतें पेश आ रही हैं। जलभराव में गिरकर लोग चोटें खा रहे हैं। साथ ही बीमारी फैलने का भय बना है। पिछले माह लोगों ने समस्या का समाधान कराने के लिए काउंसिल कार्यालय के समक्ष धरना दिया था। इसके बाद भी अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है। काउंसिल अधिकारियों को नींद से जगाने के लिए चार अक्तूबर से आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर जसवंत सिंह, चेत राम,अमरिंदर सिंह, पंकज शर्मा, सतीश कुमार, रणजीत कौर मौजूद थीं।