ज्योति हत्याकांड में बूटी राम को धमकी देने के मामले में होशियारपुर जिले की हरियाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद जांच तेज कर दी है। पुलिस ने मंगलवार को मलकीयत सिंह उर्फ लड्डू को हिरासत में लेकर देर रात तक पूछताछ की।
हरियाना थाने में ज्योति के पिता बूटी राम को बयान से पलटने के लिए धमकाने के मामले में दून के विधायक रामकुमार, उसकी पत्नी निधि, लुधियाना निवासी राजिंद्र, होशियापुर के गांव मल्लियां पंडोरी निवासी मलकीयत सिंह उर्फ लड्डू और उसकी पत्नी पर सोमवार को एफआईआर दर्ज की गई थी।
एसएसपी नरेंद्र भार्गव ने बताया कि लड्डू को मंगलवार को थाने लाया गया था। उसे हिरासत में लेने का मकसद जांच में शामिल करना था जिसके लिए वह पूरी तरह तैयार है।
फिलहाल उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है। उसके खिलाफ बूटी राम की ओर से भुंगा चौकी में दी गई एक अन्य शिकायत भी लंबित है। उसकी जांच भी साथ-ही साथ चल रही है।
ये आरोप लगाए है बूटी राम ने
हरियाना थाने में सोमवार को दर्ज की गई प्राथमिकी के अनुसार बूटी राम ने आरोप लगाया है कि उसे लड्डू ने राजेंद्र के साथ मिलकर गवाही न देने को धमकाया था। दोनों ने कहा था कि वह राम कुमार का कुछ भी नहीं कर सकता है। पुलिसवालों को भी उन्होंने खरीद लिया है।
भुंगा चौकी में यह दी थी शिकायत
बूटी राम ने भुंगा चौकी में दी शिकायत में कहा कि एक दिसंबर, 2013 को लड्डू और उसकी पत्नी उसके घर में आए। वे कार में उसे फुसला कर होशियारपुर बस अड्डे के बाहर एक चाय की दुकान पर ले गए। उन्होंने वहां उसे धमकी दी।
रिकार्ड कर सीडी पुलिस को सौंपी
बूटी राम ने उसे धमकाने की रिकार्डिंग कर उसकी सीडी पुलिस को सौंप दी थी। इसके बाद छह दिसंबर, 2013 को बूटी बीमार होने के कारण गवाही देने नहीं देने जा सका।
बूटी राम का आरोप है कि इसके बाद फिर लड्डू और राजेंद्र उसके पास आए और गवाही न देने के लिए धमकी दी।