जिला स्तर पर कुश्ती लड़ चुके 20 वर्षीय युवक बादल की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। बुधवार रात में वह मोटरसाइकिल पर एक युवक के साथ घर से निकला था। वीरवार सुबह उसका शव सूर्या एन्क्लेव के खाली प्लाट के पास की झाड़ियों में मिला। परिजनों का आरोप है कि बादल की हत्या की गई है।
सूचना मिलते ही थाना रामामंडी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसके शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। ऐसी आशंका है कि कुश्ती का खिलाड़ी नशे का आदी हो चुका था और अत्यधिक नशे के कारण उसकी मौत हो गई।
बादल के चाचा मनिंदर सिंह डिंपल ने बताया कि उनका भतीजा कुश्ती में कई मेडल जीत चुका है। बुधवार रात को उसे किसी का फोन आया और वह बाहर चला गया। लोगों ने उसे एक युवक के साथ मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखा। रात भर बादल घर नहीं आया और सुबह उसका शव सूर्या एन्क्लेव झाड़ियों से मिला। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा चेक रही है ताकि कोई सुराग मिल सके। प्राथमिक जांच में पता चला है कि बादल नशे का आदी हो गया था और उसको नशा छुड़ाओ केंद्र में भर्ती भी करवाया गया था। वह कुछ दिन पहले ही लौटा था लेकिन फिर नशे का आदी हो गया। एसएचओ कमलजीत सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।