पठानकोट। क्रिकेटर सुरेश रैना के फूफा थरियाल निवासी ठेकेदार अशोक कुमार और फुफेरे भाई कौशल की हत्या के आरोप में शाहपुरकंडी पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी जबराना को पठानकोट पुलिस ने राजस्थान के गांव चिड़ावा, जिला झुंझनू से गिरफ्तार किया।
गौरतलब है कि मामले में पुलिस ने 2 दिन पहले सहारनपुर से थरियाल कांड के आरोपी साजन उर्फ आमिर को गिरफ्तार किया था। अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें 8 पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस को अभी फरार चल रहे 3 पुरुषों और एक महिला की तलाश है। पुलिस की टीमें राजस्थान, यूपी समेत अन्य राज्यों में दबिश दे रही है। थाना शाहपुरकंडी प्रभारी भारत भूषण सैनी ने बताया कि थरियाल कांड के अन्य आरोपियों रशीद, संजू उर्फ छज्जू और वाफिला बीबी की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें राजस्थान, सहारनपुर समेत अन्य स्थानों पर मौजूद हैं।