पुलिस ने किया आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। गांव रटोल रोही के पेट्रोल पंप के नजदीक दो बाइक आमने-सामने आपस में भिड़ गईं। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि पति-बेटी जख्मी हो गए। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना सदर जीरा पुलिस ने बुधवार आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
कुलविंदर सिंह वासी चब्बा (जीरा) ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह अपनी पत्नी बलजीत कौर व बेटी जस्मीन कौर के साथ बाइक पर ससुराल गांव रटोल रोही जा रहे थे। जब गांव रटोल रोही के पेट्रोल पंप पर पहुंचे तो पेट्रोल डलवाकर सड़क पर चढ़ने लगे कि एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए। तीनों को घायल अवस्था में अस्पताल में दाखिल कराया। बलजीत कौर की नाजुक हालत देख उसे फरीदकोट के मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई। थाना सदर जीरा पुलिस ने कुलविंदर सिंह के बयान पर आरोपी चालक जसपाल सिंह वासी फरीदकोट के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी चालक फरार है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।