जालंधर। शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं। इस बात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि चोर गुरबंता सिंह नगर के इंदिरापुरम फ्लैट्स में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर ही चोरी करने पहुंच गए। हालांकि चोरों की मामूली सी गलती ने ट्रांसफार्मर चोरी होने से बचा लिए, इस दौरान दो चोर भी पकड़ लिए गए। वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहे दो चोरों को लोगों ने काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया है। इस मामले में चोरों के बाकी 4 साथी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए।
इस बारे में पावरकॉम के एक्सईएन सन्नी भागरा ने कहा कि मंगलवार देर रात करीब 1 बजे 6 चोर ट्रक पर सवार होकर इंदिरापुरम फ्लैट पहुंच गए। इन चोरों ने इलाके में लगे तीन ट्रांसफार्मर खोल कर उन्हें ट्रक में भी लाद दिया। जब चोर चौथा ट्रांसफार्मर ट्रक में लादने की कोशिश कर रहे थे तो इस दौरान ट्रांसफार्मर उनके हाथ से छूटकर नीचे गिर गया। ट्रांसफार्मर नीचे गिरने की आवाज से इलाके के लोग घरों से बाहर आए तो उन्होंने देखा कि चोर ट्रांसफार्मर को ट्रक में चढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद लोगों ने दो आरोपियों को पकड़ लिया, लेकिन उनके 4 साथी मौके से फरार हो गए। पावरकॉम के एसडीओ कृपाल सिंह ने थाना डिवीजन 1 को शिकायत दे दी है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर उसके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर ट्रक के मालिक की पहचान करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे भी उनके फरार साथियों के बारे में पता लगाने की कोशिश की जा रही है।