कस्बे के गांव नथुवाल-रकडी के सरकारी जंगल में दो मानव खोपड़ियां व कुछ हड्डियों को तलवाड़ा पुलिस ने बरामद कर हत्या का केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी अजमेर सिंह चाहल और एसआई धर्मेंद्र सिंह ने बताया है कि दलवाली कलां की सरपंच अमन देवी के मुताबिक उन्हें वन विभाग तलवाड़ा रेंज की बीट नथुवाल के इंचार्ज गार्ड पवन कुमार ने टेलीफोन पर बताया कि गांव नथुवाल-रकडी के में पड़ते सरकारी जंगल में से दो मानव खोपड़ी, कुछ हड्डियां, एक जोड़ी पुरुष के जूते और एक जोड़ी महिला की चप्पल सहित प्लास्टिक की बोतल और गले सड़े कपडे़ बरामद हुए हैं।
यह भी पढ़ें- Punjab Cabinet Expansion: ये है चरणजीत सिंह चन्नी का नया मंत्रिमंडल, पढ़ें नए-पुराने मंत्री चेहरों का राजनीतिक सफर
उन्होंने बताया है कि इनको देखकर प्रतीत होता है कि जैसे काफी समय पहले महिला व पुरुष की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर उनके शव खुर्द-बुर्द करने के लिए जंगल मे फेंक दिए। थाना प्रभारी अजमेर सिंह चाहल व एसआई धर्मेंद्र सिंह ने बताया है कि सरपंच के पति सुरिंदर कुमार निवासी दलवाली कलां के बयान पर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इस दौरान डीएसपी दसूहा रणजीत सिंह बंदेशा ने बताया कि तलवाड़ा पुलिस जांच में जुट गई है। बरामद मानव कंकालों को पुलिस ने बीबीएमबी अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। बीबीएमबी अस्पताल तलवाड़ा की पीएमओ डॉक्टर राजिंदर राज को बोर्ड का गठन कर मेडिकल जांच कर रिपोर्ट देने का आग्रह किया है।