थाना डिवीजन नंबर आठ की फोकल प्वाइंट चौकी पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान लम्मा पिंड निवासी अजय कुमार उर्फ दाना और उपकार नगर निवासी सोमदेव सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से अलग-अलग बैंकों के 16 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
एसीपी नार्थ मुकेश कुमार ने बताया कि बुधवार रात सोढल रोड पर एक महिला एटीएम में पैसे निकलवाने गई थी। इस दौरान वहां दो युवक खड़े थे। उन्होंने धोखे से उक्त महिला का एटीएम कार्ड बदलकर पैसे निकाल लिए। महिला को मौके पर ही पता लग गया और उसने शोर मचा दिया। आसपास के लोगों ने दोनों जालसाजों को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस को दोनों युवकों के पास से आठ-आठ एटीएम कार्ड मिले हैं। एसीपी मुकेश ने बताया कि उक्त जालसाजों ने एक गिरोह बना रखा है। उसके बाकी शातिरों का पता चल गया है। उनकी तलाश भी की जा रही है।