पंजाब से तस्करी कर गुजरात ले जाने की आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदकोट। जिला पुलिस ने 752 पेटी अंग्रेजी शराब और बीयर से भरा एक ट्रक पकड़ा है। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के बीकानेर निवासी ट्रक चालक हरि कृष्ण को गिरफ्तार किया है। यह शराब पंजाब से गुजरात तस्करी कर ले जाई जा रही थी, जहां शराब की बिक्री पर प्रतिबंध है।
पुलिस ने शराब से लदे राजस्थान नंबर के ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। इस मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि सीआईए स्टाफ की टीम चहल रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि शराब से भरा एक ट्रक इस रास्ते से गुजरने वाला है। पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। शराब की बोतलों से स्कैन कोड हटाए गए थे। ट्रक को ऊपर से फूस से ढककर ले जाया जा रहा था ताकि किसी को खेप के बारे में संदेह न हो। डीएसपी के अनुसार, स्कैन कोड हटाए जाने से शराब के ब्रांड, कंपनी और सप्लाई चेन से जुड़ी जानकारी हासिल नहीं हो पाती है। पुलिस को आशंका है कि खेप के वास्तविक स्रोत और सप्लाई से जुड़े तथ्यों को छिपाने की कोशिश की गई है। अब ट्रक चालक को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।