संवाद न्यूज एजेंसी, पठानकोट। पठानकोट के गांव फंगतोली में वीरवार देर रात एक बार फिर तीन संदिग्ध दिखाई दिए। सूचना मिलते ही वायुसेना, क्यूआरटी, बीएसएफ और पुलिस की टीमें तलाश में जुट गईं, लेकिन एक का भी सुराग नहीं लगा। वहीं, सैन्य क्षेत्र के अधीन आने वाले सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद कर दिए गए हैं और अलर्ट जारी कर दिया गया है।
फंगतोली निवासी बलराम सिंह ने बताया कि वीरवार देर रात दो बजे के करीब तीन हथियारबंद उनके घर की दीवार फांद घुसे और दरवाजा खटखटाते हुए रोटी मांगने लगे। तीनों संदिग्ध लाल रंग की लेजर टाॅर्च कमरे की तरफ करते हुए डोगरी भाषा में बात करने लगे। उन्होंने कहा कि हमें रोटी दो, नहीं तो तुम हमारे गनपॉइंट पर हो। बलराम ने कहा कि हमने दरवाजा नहीं खोला और पुलिस को सूचना देने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल व वाईफाई का नेटवर्क नहीं होने के कारण वह चूक गए। तीनों ने काले कपड़े पहने थे और कंधों पर भारी भरकम बैग उठा रखे थे। परिवार डर के मारे बाहर नहीं निकला। तीनों संदिग्ध कुछ देर तक कमरे के अंदर टॉर्च लगाकर देखते रहे। फिर सीढि़यों के पास खड़े रहे और लौट गए। बलराम सिंह ने बताया कि इसके बाद उन्होंने जैसे-तैसे पुलिस को घटना की पूरी सूचना दी। इसके बाद वायुसेना, क्यूआरटी, बीएसएफ और पुलिस की टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया, जो शुक्रवार को दिन पर जारी रहा।
हेलिकॉप्टर की ली जा रही मदद, लोगों से सतर्क रहने व सूचना देने की अपील
तीन दिन पहले इसी गांव में एक महिला से सात संदिग्धों ने पीने के लिए पानी मांगा था। भारत-पाकिस्तान सीमा और जेएंडके बाॅर्डर से सटा होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां चप्पे-चप्पे को खंगाल रहीं हैं। एक माह में कई बार संदिग्ध देखे जा चुके हैं। लोगों की ओर से बताई गई पहचान के आधार पर पुलिस दो संदिग्धों के स्केच भी जारी कर चुकी है। पहली बार भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे गांव कोट भट्टियां में दो हथियारबंद देखे गए थे। उसके बाद कीड़ी में एक संदिग्ध, फिर गांव पडियां लाहड़ी में चार हथियारबंद और अब फंगतोली में 10 संदिग्ध देखे जा चुके हैं। पुलिस और सेना सड़काें के आसपास के क्षेत्रों और घरों में खंगाल रही है। हालांकि, घने जंगल वाले क्षेत्र तक फोर्स अभी तक नहीं पहुंची है। फंगतोली में संदिग्धों की तलाश के लिए वायुसेना भी जुटी हुई है। हेलिकॉप्टर की भी मदद ली जा रही है। लोगों से सतर्क रहने व संदिग्ध दिखने पर तत्काल सूचना देने की अपील की गई है। रजिंदर सिंह निवासी फंगतोली ने बताया कि स्थानीय लोगों में इन संदिग्धों की इतनी दहशत बन चुकी है कि लोगों ने कामकाज पर जाना छोड़ दिया है।
बॉर्डर क्षेत्र में लोगों ने एक संदिग्ध पकड़ा, पुलिस को सौंपा
जिले के बाॅर्डर क्षेत्र के गांव नारायणपुर में वीरवार रात एक संदिग्ध व्यक्ति को लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले किया है। संदिग्ध की पहचान मोहम्मद हजरत अली निवासी कतूर पकड़ी (जिला मोतिहारी, बिहार) के रूप में हुई है। कुछ दिन पहले यही व्यक्ति जेएंडके सीमा के पास कथलौर क्षेत्र में घूमता पाया गया था। लोगों ने संदिग्ध का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया और लोगों से सतर्क रहने को कहा। पुलिस थाना तारागढ़ के जांच अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध मोहम्मद हजरत अली ने काले-भूरे रंग के कपड़े पहने हुए था। पूछताछ उसने बताया कि वह काम के सिलसिले में बिहार से पठानकोट आया है। बाद में बयान बदलते हुए उसने कहा कि वह किसी व्यक्ति के पास काम करता था। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। उससे कुछ बरामद नहीं हुआ है। पूछताछ की जा रही है।