संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। घर को ताला लगाकर मात्र 1 घंटे के लिए पड़ाेसन के घर जाना एक महिला को मंहगा पड़ गया। इस दौरान चोरों ने न्यू संतोखपुरा में रहने वाली उक्त महिला के घर में सेंध लगाकर घर में पड़ा 10 लाख का सोना चुरा लिया व रफूचक्कर हो गए। चोरों के चोरी करने के अंदाज से ऐसा लगा कि जैसे उन्हें पहले ही पता था कि महिला घर को ताला लगाकर कहीं जाने वाली है या फिर चोर उक्त महिला के घर की रेकी कर रहे थे। चोरों ने गेट पर ताला लगते ही घर में एंट्री की व देखते ही देखते घर को साफ करके चलते बने।
फिलहाल थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। न्यू संतोखपुरा की अंबिका कॉलोनी की रहने वाली नीलम पत्नी सुरिंदर कुमार ने कहा कि वह घर से 3 बजे गली में ही पड़ोसियों के घर गई थी, लेकिन जब वह सवा चार बजे के करीब घर वापस लौटी तो देखा कि गेट पर ताला टूटा हुआ था। घर में सारा सामान बिखरा था व चोर 10 लाख के गहने व नकदी चुराकर जा चुके थे। नीलम का कहना है कि उनके बेटे की कुछ महीने पहले शादी हुई थी। इस कारण सारे गहने घर में पड़े थे, जिसे चोर चुराकर ले गए हैं। उधर पुलिस ने इस घटना के बाद आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली है। फुटेज में दिख रहा है कि 2 चोर घर में दाखिल हुए व कुछ समय बाद चोरी का सामान लेकर वहां से चले गए। इस मामले की जांच कर रहे थाना 8 के प्रभारी अमित ठाकुर का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में 2 लोग घर में जाते व बाहर आते दिखाई दे रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। चोर जल्द ही पुलिस की हिरासत में होंगे।