सेल्समैन को पीटते ट्रैफिक पुलिसकर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के फिरोजपुर जिले में दो पुलिसवालों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। यहां ट्रैफिक पुलिस के दो कर्मचारियों ने अपनी कार में दो हजार रुपये का डीजल डलवाने के बाद सेल्समैन से बहस शुरू कर दी। दोनों ने कम डीजल डालने का आरोप लगाया। इसके बाद सेल्समैन को पीटना शुरू कर दिया और जबरदस्ती कार में बैठाकर पहले कैंट थाना लेकर पहुंचे और बाद सेल्समैन को थाना कुलगढ़ी ले गए। मामला सोमवार की रात साढ़े 10 बजे मोगा रोड पर स्थित हरियाली पेट्रोल पंप का है।
पेट्रोल पंप के मालिक विकास मित्तल का कहना है कि दोनों पुलिस कर्मियों को होश तक नहीं था। जब थाना कुलगढ़ी पुलिस ने दोनों से मेडिकल करवाने को कहा तो उन्होंने नहीं करवाया। पुलिस की गुंडागर्दी को देख वह रात में पेट्रोल पंप नहीं खोलेंगे। उनका कहना है कि पहले ही इतनी गुंडागर्दी है। अब पुलिस वाले भी मारपीट करने लगे हैं।
सेल्समैन अमन शर्मा ने कहा कि वह हरियाली पंप पर कार्यरत है। रात साढ़े 10 बजे मेजर व हीरा नाम दो ट्रैफिक पुलिस मुलाजिम पंप पर डीजल डलवाने पहुंचे। उसने दो हजार रुपये का डीजल डाल दिया। इसके बाद दोनों कहने लगे कि डीजल कम डाला है। इसी बात पर उसे पीटना शुरू कर दिया और जबरदस्ती कार में बैठाकर थाना ले गए। अमन ने कहा कि इस प्रकार की गुंडागर्दी में रात के समय पंप पर ड्यूटी करना मुश्किल है। अब तो पुलिस ही गुंडागर्दी पर उतारू हो गई है।
उधर, पंप के मालिक मित्तल ने कहा कि उनका हरियाली पेट्रोल पंप है। बिना फीड किए मुलाजिम तेल नहीं डाल सकता है। इसका रिकॉर्ड उनके पास और सीधा कंपनी के पास रहता है। सारा सिस्टम ऑनलाइन है। उनके पंप से किसी को भी कम तेल नहीं डाला जा सकता है। मित्तल ने कहा कि खराब कानून व्यवस्था के बाद भी लोगों की सुविधा के लिए रात को पंप खुला रखते हैं लेकिन अब पुलिस वाले ही ऐसा बर्ताव करेंगे तो वह रात को पंप नहीं खोलेंगे। उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से दोनों मुलाजिमों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।