मंगेतर से नहीं मिलने देने पर क्षुब्ध युवक ने घर पर चुनरी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने रविवार को मृतक के पिता के बयान पर दो महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी महिलाएं फरार है।
मृतक बॉबी (19) के पिता रंगा ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि बस्ती गुरु कर्म सिंह वाली में पाली नामक महिला के घर पर एक लड़की कामकाज करती थी, उससे उसके बेटे बॉबी का प्रेम-प्रसंग था। पाली ने बॉबी की उक्त लड़की संग मंगनी कर दी। शुक्रवार को पाली के घर के पास से बॉबी गुजर रहा था। लड़की घर से बाहर आकर बॉबी से बातचीत करने लगी। इसी दौरान पाली आई और बॉबी को भला बुरा कहने लगी। ये बात बॉबी ने अपने पिता रंगा से कही। आज फिर बॉबी बस्ती गुरु कर्म सिंह वाली से गुजरा तो पाली और पंजू नामक महिला ने उसे रोक लिया और कहा कि गली में दोबारा न आना, यदि आया तो उक्त लड़की के माध्यम से ही उसके खिलाफ थाना में परचा करवा देंगे।
इस बात से बॉबी बहुत आहत हुआ। घर पर परिवार के सभी लोग बैठे थे, तो वह साथ वाले घर अपने ताया के पास चला गया, बाबी ने कमरे की छत के गार्डर से चुनरी का फंदा लगा लिया। परिजनों ने जैसे ही बाबी को लटके देखा, उसे तुरंत उतार कर अस्पताल ले गए, वहां पर डा. विशाल सोनी ने उसे मृत घोषित किया। उधर, थाना गुरुहरसहाए प्रभारी जसवरिंदर सिंह ने बताया कि बॉबी के पिता रंगा के बयान पर महिला पाली और पंजू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए फरीदकोट मेडिकल कालेज भेज दिया है।