जालंधर। शुक्रवार को सेठ हुकम स्कूल की कॉपियां व किताबें होटल में बिक रहीं थीं। इसकी सूचना मिलने पर विधायन रमन आरोड़ा होटल पहुंचे थे। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नोटिस में महंगी किताबें बाजार के बजाय एक होटल में बेचने पर सवाल उठाते हुए 72 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। शिक्षा विभाग ने स्कूल की किताबें महंगे दामों पर खरीदने के लिए अभिभावकों को मजबूर करने पर कार्रवाई की है। यह भी पूछा गया है कि स्कूल की मान्यता क्यों न रद्द कर दी जाए। अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने स्कूल की किताबें बाजार में ढूंढीं, लेकिन कहीं नहीं मिलीं। उन्हें मजबूर किया जा रहा है कि महंगे दामों पर कापियां और किताबें उक्त होटल में ही आकर खरीदें। मौके पर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के नेता मिंटा कोछड़ व विधायक रमन अरोड़ा के बीच तीखी बहसबाजी भी हुई।
मामला उछलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी एक्शन में आ गए हैं। इससे निजी स्कूलों के संचालकों की चिंता बढ़ गई है। पंजाब के सीएम भगवंत मान का आदेश है कि स्कूल की कॉपियां किताबें खुली मार्केट में खरीदी जा सकेंगी, लेकिन स्कूल संचालक एक तय स्थान पर विद्यार्थियों को किताबें व कॉपियां खरीदने के लिए मजबूर करते हैं।