फगवाड़ा। रेलवे रोड पर बुधवार की शाम एक दुकान में बुजुर्ग की हत्या कर दी। फगवाड़ा पुलिस ने महज 24 घंटे में मामला हल कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी कपूरथला राज बचन सिंह संधू ने वीरवार को एसपी डी जगजीत सिंह सरोया, एसपी फगवाड़ा हरिंदर सिंह परमार की उपस्थिति में हत्याकांड का खुलासा करते हुए फगवाड़ा डीएसपी कार्यालय में बताया कि आरोपी से खून से सनी टी शर्ट व चाकू बरामद कर लिया गया है।
उन्होंने टेक्निकल टीम की विशेष तौर पर सराहना की। उन्होंने बताया कि वीरवार को सूचना मिली थी कि रेलवे रोड पर स्पेयर पार्ट की दुकान करने वाला कृष्ण कुमार भल्ला दुकान में बने केबिन में मृत पड़ा था। जिसकी गर्दन के आगे पीछे तेजधार हथियार के निशान थे। पुलिस ने मृतक कृष्ण कुमार भल्ला के भाई दर्शन लाल भल्ला के ब्यान पर सिटी थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी संधू ने कत्ल की वारदात को गंभीरता से लेते हुए एसपी डी कपूरथला जगजीत सिंह, एसपी फगवाड़ा हरिंदर सिंह परमार, डीएसपी (डी) कपूरथला अमृत सरूप डोगरा की अगुवाई में विशेष टीमों का गठन किया। जिस पर काम करते हुए सीआईए स्टाफ प्रभारी सिकंदर सिंह व सिटी थाना प्रभारी अमनदीप कुमार नाहर ने खास सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम के साथ फगवाड़ा सब्जी मंडी के पास मौजूद थे। इस दौरान सूचना मिली कि सतीश कुमार वासी लंबी गली पलाही गेट फगवाड़ा ने एक जेनरेटर बंगा से किराए पर लिया था। लेकिन उसने आगे जेनरेटर कृष्ण कुमार के पास 13500 में गिरवी रख दिया। कृष्ण कुमार ने जेनरेटर आगे किसी को 24 हजार रुपये में बेच दिया। बंगा वाला आदमी सतीश कुमार से किराए पर दिया जेनरेटर मांगने लगा।
सतीश कुमार जेनरेटर वापस करने की बात करने 4/5 बार दुकान पर गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जिसने गुस्से में आकर कृष्ण कुमार को मारने की योजना बनाई और एक दुकान से चाकू खरीद लिया। एक दो बार आने पर उसका हौसला नहीं पड़ा। एसएसपी संधू ने बताया कि आखिरकार 4 मई को सतीश कुमार गुस्से में कृष्ण कुमार की दुकान पर गया। वो उसे किसी प्रकार से दुकान के पीछे बने केबिन में ले गया और चाकू से उसकी गर्दन पर वार किया। जिससे वह गिर गया तो उसकी गर्दन पर फिर वार किए, जिसकी मौके पर मौत हो गई
। पुलिस को सूचना मिली कि सतीश कुमार भागने की फिराक में है और भुल्लाराई चौक पर किसी वाहन की इंतजार में है। जिसे टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दबोचने में सफलता हासिल की। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया है। वारदात के दौरान खून के छींटे पड़ी टी शर्ट व कत्ल के लिए प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया, जो उसने चौक के नजदीक झाड़ियों में छिपा रखा था।