दिल्ली से अमृतसर आ रही शान-ए-पंजाब ट्रेन में शनिवार को दोपहर बाद आग लग गई। धुआं उठता देख यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कई यात्रियों ने जालंधर स्टेशन पर ट्रेन के रुकने से पहले ही छलांग लगा दी। शनिवार शाम को हुए इस हादसे के बाद रेल प्रबंधकों पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। फिलहाल फिरोजपुर रेलवे मंडल के अधिकारी इस मामले को दिल्ली का बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं। डीआरएम ने बताया कि ब्रेक जाम हो गए थे। ब्रेक की रबड़ जलने से धुआं छा गया था। मामला दिल्ली मंडल का है, इसलिए दिल्ली डिविजन जांच कर रहा है।
शनिवार को दिल्ली से अमृतसर आ रही शान-ए-पंजाब ट्रेन जब जालंधर स्टेशन से एक किमी की दूरी पर थी तो ट्रेन के पहियों की तरफ से धुआं उठना शुरू हो गया। जानकारी मिली कि शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस ब्यास रेलवे स्टेशन से निकली तो उसके डी-14 कोच के नीचे से धुआं उठने लगा। जब ट्रेन जालंधर सिटी स्टेशन के दोमोरिया पुल के पास पहुंची तो ट्रेन से उठ रहा धुएं का गुबार देखकर ड्यूटी पर तैनात स्टाफ ने आरपीएफ को सूचना दी।
प्लेटफार्म पर जब ट्रेन पहुंची तो वहां धुआं ही धुआं फैल गया, जिससे यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। स्टेशन पर मौजूद आरपीएफ जवानों व फायर बिग्रेड कर्मचारियों ने ट्रेन के कोच में लगी आग बुझानी शुरू की। आरपीएफ जवानों ने तुरंत यात्रियों को बाहर निकाला व आग पर काबू पाया। इस घटना के कारण ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 2 पर करीब आधा घंटा खड़ी रही।
इस दौरान स्टेशन अधीक्षक आरके बहल व अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे व उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। इस हादसे के बारे में रेलवे कर्मचारियों का कहना है कि ट्रेन के वैक्यूम ब्रेक जाम हो गए थे, इस कारण ब्रेक में लगी रबड़ जल गई व उसमें धुआं उठना शुरू हो गया। शाम को संबंधित विभाग के कर्मचारियों ने ब्रेक व पहिये ठीक कर ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना कर दिया। इस बीच एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
ट्रेन में आग नहीं लगी है, ब्रेक जाम होने से धुआं उठा
फिरोजपुर रेलवे मंडल की डीआरएम सीमा शर्मा का कहना है कि ट्रेन में आग नहीं लगी है, ट्रेन के पहिये के पास जो ब्रेक लगे होते हैं, उसके जाम होने से धुआं उठा है। दूसरी बात यह कि ट्रेन पूरी तरह से दिल्ली रेलवे डिविजन से संचालित होती है। इस ट्रेन का सारा रख-रखाव व जांच दिल्ली से ही होती है। इस हादसे के बाद दिल्ली रेलवे डिविजन जांच कर रहा है, जिसकी जांच रिपोर्ट जल्द ही आ जाएगी। हम इसका फॉलोअप कर रहे हैं।