जालंधर। पंजाब के जालंधर शहर में थाना मॉडल टाउन में मंगलवार रात को उस समय सनसनी फैल गई, जब नकाबपोश युवक एक कोठी में घुस गए और वहां से बच्चे को जबरन उठाकर ले गए। सूचना मिलते ही जालंधर में नाकाबंदी कर दी गई। सीसीटीवी की जांच की तो सामने आया कि मां ही अपने साथ आधा दर्जन नकाबपोश युवकों को लेकर आई थी, जो बच्चे को कोठी में घुसकर जबरन उठाकर ले गए। पुलिस ने जबरन घर में घुसने का मामला दर्ज कर लिया है।
जीटीबी नगर निवासी नीतिश धीर और उनकी पत्नी कोमल में घरेलू विवाद चल रहा है। मामले की जांच एसीपी माडल टाउन कर रहे थे। दोनों का एक छोटा बच्चा है। पिछले दिनों पुलिस ने दोनों को समझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन समझौता नहीं हो पाया। बच्चा घर पर दादा-दादी के पास ही था। कानून के मुताबिक मां को अदालत में बच्चे की कस्टडी के आदेश लेने थे लेकिन कोमल ने मंगलवार रात को आधा दर्जन नकाबपोश युवकों को साथ लिया और अपने ससुराल वालों की कोठी में जबरन घुस गई। जिस वक्त कोमल घर में गई, उस समय ससुराल में न तो कोमल का पति था और न ही ससुर, केवल सास थी। कोमल पहले से खुले हुए गेट के रास्ते घर के अंदर अपने साथियों के साथ घुसी और बच्चा लेकर बाइक पर निकल गई। पहले शहर में शोर मच गया कि घर से कोई बच्चे को उठा ले गया है। जब सीसीटीवी फुटेज चेक की तो कोमल ही बच्चे को नकाबपोश लोगों के साथ लेकर जाती नजर आई।
ससुरालियों का आरोप है कि जब कोमल चोरी से बच्चा लेने आई तो घर में उसकी बुजुर्ग सास थी। कोमल ने अपनी सास के साथ मारपीट की। मामले की शिकायत लेकर थाने पहुंचे ससुरालियों ने आरोप लगाए कि पुलिस आप नेताओं के दबाव में काम कर रही है। उन्होंने अपनी बहू पर इससे पहले भी बाहर से गुंडे बुलाकर मारपीट करने का आरोप लगाए थे। सीसीटीवी फुटेज भी थाने में दी हुई है, लेकिन उस पर भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं पुलिस थाना प्रभारी ने कहा कि घरेलू विवाद है। दोनों पति-पत्नी को बार-बार समझाया जा रहा है। बच्चा ले जाने वाली जो घटना हुई है, पुलिस उसकी जांच कर रही है। उन्होंने इन आरोपों को सिरे से नकारा कि पुलिस पर किसी का दबाव है।