सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा, एक बच्चे की हालत गंभीर मुकेरियां रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
तलवाड़ा। कमाही देवी-चमूही मार्ग पर गांव लब्बर के मोड़ के पास बुधवार सुबह एक निजी स्कूल वैन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में वैन चालक समेत आठ बच्चे घायल हो गए।
वैन में कुल 10 बच्चे सवार थे। घायलों को तत्काल कमाही देवी के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक गंभीर बच्चे को मुकेरियां के अस्पताल रेफर किया गया। यह वैन संस्कार वैली स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही थी। सामने से आए एक वाहन को बचाने के प्रयास में वैन अनियंत्रित हुई और पेड़ से टकरा गई। घायल बच्चों में रिहान मोहम्मद, मोहम्मद रजाक, इयान, मोहम्मद रियान, रियान, समर और मोहम्मद बियाल शामिल हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।