कनाडा में बेटे को सेटल करवाने के नाम पर ठगी
संवाद न्यूज एजेंसी
कपूरथला। सैनिक स्कूल के एक अध्यापक से कनाडा में बेटे को सेटल करवाने के नाम पर 27 लाख 69 हजार 515 रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। चंडीगढ़ की एक इमिग्रेशन सर्विस कंपनी के संचालक समेत चार लोगों को नामजद किया गया है। थाना सिटी कपूरथला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अध्यापक मनोहरलाल चंदेल ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि बेटे प्रज्ज्वल चंदेल को कनाडा में पक्का करवाने के लिए उन्होंने सनकास्ट इमिग्रेशन सर्विस से संपर्क किया था। कंपनी के संचालक अरविंदर सिंह और उसके तीन साथियों ने उन्हें कनाडा में सेटल करवाने का भरोसा दिया। आरोपियों ने उनसे कुल 27 लाख 69 हजार 515 रुपये की रकम हासिल कर ली। शिकायतकर्ता के अनुसार, काफी समय बीतने के बाद भी बेटे को कनाडा नहीं भेजा गया। आरोपियों ने रकम भी वापस नहीं की। जब चंदेल ने पैसे वापस मांगे तो उन्हें जान-माल का नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी गईं। पुलिस ने अरविंदर सिंह, गुरदीप सिंह, बाघा पुराना निवासी डेविड अरोड़ा और चंडीगढ़ निवासी बलजिंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। सहायक उपनिरीक्षक बलदेव सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू हो गई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है। आरोपियों से संबंधित दस्तावेज और पैसों के लेन-देन की भी जांच की जा रही है। पुलिस लोगों से अपील करती है कि किसी भी इमीग्रेशन एजेंट को रकम देने से पहले उसके लाइसेंस और पंजीकरण की पूरी तरह जांच कर लें।