बारिश से लबालब जालंधर की सड़कें
- फोटो : अमर उजाला
लुधियाना में गुरुवार सुबह नौ बजे से दस बजे तक हुई बारिश ने सरकारी दावों की पोल खोलकर रख दी। बारिश के कारण शहर की सड़कों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। वहीं निचले एरिया में भी पानी भर गया। दोपहर तक पानी कुछ कम हुआ। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम माहिरों के अनुसार गुरुवार को 30 एमएम बरसात हुई है।
जुलाई माह में अब तक कुल 48 एमएम बरसात हुई है। आने वाले 24 घंटे के दौरान बारिश की संभावना है। गौरतलब है कि निगम को बरसात का मौसम शुरू होने से पहले हर साल रोड जालियों की सफाई का काम करना होता है। इसके लिए निगम की तरफ से बजट में हर साल लगभग 10 लाख रुपये अलग से रखे जाते हैं।
रोड जालियों को सीधे सीवर लाइन से जोड़ा गया है। हैरानी की बात है कि बरसात का मौसम शुरू हो गया है लेकिन अब तक रोड जालियों को साफ करने का काम पूरा नहीं हो सका है। कई रोड जालियां टूट चुकी है। इन्हें भी रिपेयर नहीं किया गया है।
ट्रैफिक व्यवस्था भी रही चौपट
बरसात के कारण सड़कों पर पानी भरने से ट्रैफिक व्यवस्था भी चौपट होकर रह गई। हांबड़ा रोड पर पानी से बचने के लिए लोग आसपास की गलियों में रास्ते की तलाश करते दिखे। वहीं शहर के अन्य एरिया में हालात कुछ इसी तरह के बने रहे। दो घंटे बाद धीरे-धीरे पानी निकलने के बाद हालात कुछ सामान्य हो सके।