पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन (पीएसयू) और भारत नौजवान सभा ने अकाली दल पर सूबे में माफिया राज स्थापित करने का आरोप लगाया है।
इस बारे में गठबंधन सरकार के खिलाफ सोमवार को स्थानीय जिला प्रशासकीय मुख्यालय में डीसी दफ्तर के सामने धरना प्रदर्शन किया गया।
पीएसयू के प्रादेशिक नेता मंगलजीत पंडोरी, युवा नेता सोनू अरोड़ा, वीर कुमार और कश्मीर मंडियाला ने आरोप लगाया है कि राज नहीं सेवा का नारा देकर सत्ता में आए अकाली दल के नेताओं ने राज्य में ट्रांसपोर्ट और ड्रग्स सहित अन्य माफिया राज को कायम कर लिया है।
इनके नेता सीधे तौर पर इस माफिया के संरक्षक हैं। उन्होंने बादल परिवार की ऑर्बिट बस सेवा समेत कई अकाली नेताओं की ट्रांसपोर्ट के काम को निशाने पर लिया।
उन्होंने कहा कि मोगा बस कांड में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उक्त कांड के दोषी अब भी बाहर घूम रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया।
उनकी मांग है कि बस कांडों में जुड़े ट्रांसपोर्ट कंपनियों के मालिकों पर पर्चा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की जाए।