गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर सवार ने पठानकोट रोड पर एक युवक को कुचल दिया।
इसके
बाद युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान सन्नी
(25) निवासी नंगर सलेमपुर के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद
ट्रैक्टर सवार व्यक्ति मौके से फरार हो गया। मृतक युवक के परिजन सूचना
मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों ने पठानकोट नेशनल हाईवे जाम कर
प्रदर्शन किया।
उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की।
पुलिस मुलाजिमों ने प्रदर्शनकारियों को शांत करवा जाम खुलवाया। इसके बाद
परिजनों को जैसे ही पता चला कि टक्कर मारने वाला ट्रैक्टर टीएस शटरिंग हाउस
के पास दोआबा चौक वालों का है। इसके बाद उन्होंने युवक के शव को उनकी
दुकान के बाहर रखकर प्रदर्शन किया।
आरोपी को उनके हवाले करने की
मांग करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर 3 की पुलिस भी मौके पर
पहुंची। मृतक के परिजनों ने कहा कि सन्नी अपने घर से राओवाली में अपने
दोस्त की प्रतीक्षा कर रहा था कि इतने में गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने
उसे कुच दिया। उन्होंने कहा कि सन्नी ने घायल अवस्था में फोन कर उन्हें
सूचना दी। इसके बाद वह घटनास्थल पर पहुंचे। उसे उपचार के लिए जनता अस्पताल
ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे एक अन्य अस्पताल रेफर कर दिया। वहां
उसने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।