जालंधर मार्ग स्थित कंग साबू में लुटेरे मंगलवार रात को गैस कटर से पंजाब
नेशनल बैंक के एटीएम को काटकर दो लाख छह हजार नौ सौ लूटकर फरार हो गए।
लुटेरों
ने पहले गैस कटर से एटीएम का शटर काटा, बाद में मशीन। इस घटना के बारे में
बुधवार सुबह पता चला, जब सफाई कर्मचारी एटीएम की सफाई करने पहुंचा। वहां
की हालात देखकर उसने बैंक मैनेजर और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे
डीएसपी नकोदर बलकार सिंह, सिटी एसएचओ दविंदर सिंह को एटीएम से सीसीटीवी
फुटेज मिली है। इसे लेकर जांच की जा रही है।
डीएसपी बलकार सिंह के
मुताबिक सीसीटीवी कैमरे में दो युवक मुंह ढककर एटीएम में दाखिल हुए। इसमें
एक के हाथ में हथियार भी था। इसके बाद उन्होंने एटीएम के सीसीटीवी कैमरे पर
स्प्रे कर दी। डीएसपी के मुताबिक जिस तरह से मशीन व शटर का लॉक कटर से
काटा गया है, इसमें किसी प्रोफेशनल गिरोह का हाथ लगता है। इसे बारीकी से
गैस कटर चलाने की पूरी जानकारी है।
बैंक मैनेजर विमल कोछड़ ने
बताया कि मंगलवार को ही एटीएम में राशि लोड की गई थी। शाम को पांच बजे बैंक
टाइम खत्म होने के साथ ही एटीएम का शटर लॉक कर दिया गया था। बहरहाल, पुलिस
ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।