ग्रामीण विकास व पंचायत मंत्री सिकंदर सिंह मलूका ने कहा कि शिअद-भाजपा
गठबंधन सरकार की तरफ से सरकारी विभागों की तमाम सेवाओं को आधुनिक स्वरूप
प्रदान किया जा रहा है। इसके तहत ही पीआरटीसी में 250 नई बसों की खेप शामिल
की गई है। वे शुक्रवार को यहां के बस स्टैंड पर पीआरटीसी के फरीदकोट डिपो
में शामिल 20 नई बसों को हरी झंडी देने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे
थे।
मलूका ने कहा कि किसी भी तरह की सरकारी सेवा का मकसद मुनाफा कमाना
नहीं होता बल्कि राज्य सरकार ने सभी सरकारी सेवाओं को जन सेवा में समर्पित
कर रखा है। अब फरीदकोट डिपो में ही नई बसों की तादाद 60 हो गई है। ये बसें
नए कलर व डिजाइन से तैयार की गई हैं और इनमें पहली बार जीपीएस भी लगाया गया
है।
समारोह में सबसे पहले पीआरटीसी के चेयरमैन अवतार सिंह बराड़ ने
सभी का स्वागत करते हुए कहा कि उनके कार्यभार संभालने से बाद पीआरटीसी की
आमदन 45 लाख रोजाना से बढ़कर 1.87 करोड़ रुपये हो चुकी है।
काले झंडे दिखाते विद्यार्थी गिरफ्तार, रिहा
फरीदकोट।
न्यू दीप कंपनी की बस में तोड़फोड़ करने के मामले में गिरफ्तार अपने
साथियों की रिहाई को लेकर पंजाब स्टूडेंट यूनियन व नौजवान भारत सभा ने
शुक्रवार को बस स्टैंड पर पहुंचे ग्रामीण विकास व पंचायत मंत्री सिकंदर
सिंह मलूका को काले झंडे दिखाए। इस दौरान मौके पर पुलिस बल ने करीब 10-12
प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया जिन्हें कार्यक्रम खत्म होते ही
रिहा कर दिया गया। इस मौके पर पीएसयू के प्रांतीय नेता कर्मजीत कोटकपूरा ने
कहा कि उनके साथियों की बिना शर्त रिहाई होने तक फरीदकोट में आने वाले
तमाम मंत्रियों को काले झंडों से ही स्वागत किया जाएगा।