जालंधर में किसान और भाजपाई आमने-सामने।
- फोटो : अमर उजाला
जालंधर में रविवार को किसानों और कांग्रेसियों ने भाजपा के धरने में घुसने की कोशिश की। इस दौरान शेखो ग्रैंड चौक पर किसानों ने बैरिकेड तोड़ दिए और आगे बढ़ने लगे। हालांकि पुलिस उन्हें रोकने में कामयाब रही। वहीं, शास्त्री मार्केट में कांग्रेसियों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की हुई। पुलिस ने कई कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया। हालांकि उन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
भाजपा ने पंजाब में कानून व्यवस्था बिगड़ने का आरोप लगाते हुए कंपनी बाग चौक पर धरना दिया। इस दौरान सुबह 11 बजे के करीब भाजपा का विरोध करते हुए किसान संगठन और कांग्रेसी भी चौक की ओर आ रही सड़कों पर धरना लगाकर बैठ गए। शेखो ग्रैंड चौक पर तीन-चार किसान बैरिकेड तोड़कर भाजपा के धरनास्थल की ओर जाते हुए नारेबाजी करने लगे। हालांकि पुलिस ने उन्हें टेंट के पहले ही रोक लिया। इस दौरान दोनों ओर से नारेबाजी होने लगी और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस पर यहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए।
उधर, शास्त्री मार्केट में कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला जलाया। इसके बाद वे भाजपा के धरने की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान युवा कांग्रेसी नेताओं और पुलिस में धक्कामुक्की हुई लेकिन कांग्रेसी पुलिस का घेरा नहीं तोड़ पाए।
अश्वनी शर्मा को दूसरे रास्ते से ले गई पुलिस
भाजपा के धरने में पंजाब प्रधान अश्वनी शर्मा, पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद और मनोरंजन कालिया समेत कई बड़े नेता पहुंचे थे। तीन बजे के करीब भाजपा का धरना खत्म हुआ तो अश्वनी शर्मा को पुलिस मुख्य रास्ते से ले जाने के स्थान पर मिलाप चौक की तरफ से ले गई। वहीं, रैली खत्म होने के बाद किसानों और कांग्रेसी नेताओं ने अपना धरना भी उठा लिया।
सूबे की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है : शर्मा
पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन हैं लेकिन वह कप्तान वाला कोई भी काम नहीं कर रहे हैं। सूबे की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। सूबे में किसी को नौकरी नहीं मिल रही है। शराब तस्करों ने चार साल में सैकड़ों लोगों की जान ले ली है। माफिया करोड़ों रुपये कमा रहा है। उन्होंने पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के मुद्दे पर कहा कि कैबिनेट मंत्री साधु सिंह धर्मसोत को सरकार ने क्लीन चिट देकर साबित कर दिया कि वह घोटालेबाजों के साथ है। कांग्रेस हिंदू सिख एकता को खत्म करने की कोशिशें कर रही है।
सूबे का माहौल बिगाड़ रहे भाजपा नेता : अंगद दत्ता
युवा कांग्रेस के जिला शहरी प्रधान अंगद दत्ता ने कहा कि भाजपा जानबूझ कर प्रदेश का माहौल खराब करने पर तुली है ताकि किसान आंदोलन में खलल पड़े। एक तरफ भाजपाई पंजाब पुलिस और कैप्टन सरकार पर निशाना साधते हैं, दूसरी तरफ पुलिस की कड़ी सुरक्षा में रैलियां करते हैं।