निर्माण में लगे मजदूरों की भलाई स्कीम को रोकने के खिलाफ सोमवार को देहाती मजदूर सभा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मजदूरों ने मिनी सचिवालय के सामने धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान मजदूरों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
मजदूरों ने आरोप लगाया है कि लंबे समय से चल रही योजनाओं को राज्य सरकार की ओर से बंद किया जा रहा है। उनका लाभ मजदूरों तक नहीं पहुंचाया जा रहा। इस वजह से मजदूरों में रोष पाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शगुन स्कीम, मजदूर के बच्चों के वजीफे दिए जाने थे, लेकिन अब चुनाव का बहाना बनाकर इन स्कीमों का लाभ नहीं दिया जा रहा।
मजदूरों ने मांग की है कि लंबे समय से बकाया राशि को तुरंत रिलीज किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इन योजनाओं के पैसे को तुरंत जारी नहीं किया गया तो वे संघर्ष तीव्र करने पर विवश होंगे। इसके बाद यूनियन की ओर से डिप्टी कमिश्नर डॉ. सुमित जारंगल को ज्ञापन भी सौंपा गया। इस दौरान जगजीत सिंह जस्सेआणा, हरजीत सिंह मदरसा, जसविंदर सिंह, जगसीर सिंह, नसीब सिंह, कर्म सिंह, जंग सिंह, गुरदास सिंह और काकू सिंह भी मौजूद थे।