पंजाब के पानी पर स्वास्थ्य मंत्री सुरजीत कुमार ज्याणी की ओर से राजस्थान के पक्ष में बयान देने के विरोध में यूथ कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व अध्यक्ष रंजम कामरा की अगुवाई में मंगलवार को कांग्रेसियों ने फाजिल्का हाईवे पर जाम लगाकर पुतला फूंका।
कांग्रेसियों का कहना है कि पंजाब का किसान पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रहा है। वहीं अकाली-भाजपा सरकार केंद्रीय सरकार से मिलकर भाजपा शासित राज्यों से पानी का सौदा कर रही है। पानी की किल्लत के कारण फाजिल्का सरहदी इलाके के कई गांव बिकवाली पर लग गए। वहीं फाजिल्का के विधायक सुरजीत कुमार ज्याणी राजस्थान में उसे पानी देने की बात कर रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने राजस्थान के सादूल शहर के दौरे के दौरान कहा कि राजस्थान को वह पंजाब से पानी दिलाने का प्रयास करेंगे। उनके अपने घर में किसान पानी के लिए अपने घर, जमीन और जायदाद बेच रहे हैं और स्वास्थ्य मंत्री को पंजाब की परवाह करने की बजाय राजस्थान की चिंता सता रही है।
पहले पंजाब की अकाली-भाजपा सरकार ने एसवाईएल मुद्दे पर कोर्ट में मोदी सरकार के कहने पर पंजाब के कमजोर पक्ष रखे जिस कारण हरियाणा के पक्ष में फैसला आया। स्वास्थ्य मंत्री के इस बयान ने यह बात साफ कर दी है कि भाजपा पंजाब के पानी के पक्ष में नहीं है और वह भाजपा की सरकार वाले राज्यों को पंजाब का पानी देना चाहती है।
इस मौके पर किसान एवं मजदूर सेल के ब्लॉक प्रधान डॉ. जसवंत सिंह, जिला कांग्रेस महासचिव कश्मीरी लाल छाबड़ा, जिला प्रचार सेल के चेयरमैन राजू नारंग, यूथ कांग्रेस के उपप्रधान प्रदीप बाजवा, यूथ कांग्रेस के महासचिव संदीप संधू, महासचिव एडवोकेट चंद्रदीप मौजूद थे।