वकील अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को तहसील परिसर का गेट बंद कर दोबारा फिर रोष प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतर आए हैं।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वकील बख्शीश सिंह कचूरा ने कहा कि कुछ दिन पहले जलालाबाद में वकीलों का एक शिष्टमंडल हलका विधायक व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल को 44 गांवों के मसले संबंधी मिला था।
इस दौरान सुखबीर बादल की ओर से उन्हें इस मसले के समाधान करने के लिए किसी प्रकार का कोई आश्वासन नहीं दिया जबकि अपने हल्के के लोगों की मुश्किलों का समाधान करना विधायक होने के नाते भी फर्ज बनता है। इसके कारण वकील भाईचारे के साथ साथ आम लोगों में भी रोष है।
इस रोष स्वरूप बार एसोसिएशन की ओर से आज से संघर्ष को और तेज करते हुए 3 दिन की हड़ताल शुरू की गई है। इसके साथ ही वकीलों की ओर से अपने कार्यालयों को बंद रखा और तहसील परिसर का मुख्य गेट भी बंद करके रोष व्यक्त किया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पंजाब सरकार की ओर से उक्त 44 गांवों का मुकम्मल कार्य तहसील जलालाबाद के साथ ना जोड़े तो संघर्ष को इसी तरह निरंतर जारी रखा जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय अकाली-भाजपा नेताओं के घरों के सामने रोष धरने दिए जाएंगे। धरनास्थल पर डीएसपी की अगुवाई तले भारी तदाद में पुलिस कर्मी पहुंच गए।