मोगा के बाघापुराना में रविवार देर रात अकाली काउंसलर के नेतृत्व में लोगों ने आप कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। हमले में तीन कार्यकर्ता घायल हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। सोमवार शाम फरीदकोट लोक सभा हलके से सांसद साधू सिंह ने घायलों का हाल पूछा।
थाना बाघापुराना प्रमुख गुरमेल सिंह ने बताया कि बाघापुराना के अकाली काउंसलर सतनाम सिंह सत्ता, लवली, बिट्टू और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अस्पताल में दाखिल आप कार्यकर्ता गोबिंद सिंह, बलविंदर सिंह और संकरदीप सिंह ने बताया कि वह बाघापुराना में आप की रैली के बाद देर रात मुद्दकी रोड पर आप नेता बलजिंदर सिंह की दूध डेयरी पर काम कर रहे थे।
इस दौरान अकाली काउंसलर सतनाम सिंह सत्ता के साथ आए लोगों ने उनपर हमला कर दिया। दुकान के आगे खड़े वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। काउंसलर ने अपने रिवाल्वर से गोलियां भी चलाईं। उन्होंने दुकान के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई। अस्पताल पहुंचे फरीदकोट लोक सभा हलके से सांसद प्रो.साधू सिंह ने भरोसा दिलाया कि उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है।