वीडियो में पुलिसकर्मी पर हमला करते दिख रहे युवक।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर सिविल अस्पताल में तैनात गारद के पंजाब पुलिस के जवान पर एमएलआर कटवाने आए युवकों ने झगड़ा किया और इस दौरान उनके साथ मारपीट की। जवान ने घटना की शिकायत थाना डिवीजन नंबर चार में की है। युवक चिकित्सक के कमरे के बाहर खड़े होकर हल्ला मचा रहे थे और तैनात पुलिस मुलाजिम ने उनको बदमाशी करने से रोका था।
पुलिसकर्मी रवि पाल ने बताया कि कुछ युवक एमएलआर कटवाने वहां पर आए थे लेकिन डॉक्टर के कमरे के बाहर काफी भीड़ थी। उन्होंने घायल युवक को एमएलआर कटवाने के लिए डॉक्टर के पास भेज दिया था। इसी दौरान तीन युवक भागकर आए और डॉक्टर के कमरे में जाने लगे। उन्होंने जिन्हें रोककर इंतजार करने के लिए कहा लेकिन धक्केशाही कर अंदर घुस गए। उन युवकों को डॉक्टर के कमरे से बाहर निकाला।
नशे में धुत युवकों ने झगड़ा शुरू कर दिया और पिटाई की। इसमें एक हमलावर ने पुलिसकर्मी की पगड़ी भी गिरा दी। पुलिस मुलाजिम रवि ने इस घटना के संबंधित थाना 4 की पुलिस को शिकायत दे दी है। एसएचओ मुकेश कुमार का कहना है कि पुलिस जांच कर रही है।