नई आबादी गली नंबर 19 निवासी फाइनांसर बलजिंद्र सिंह का 12 वर्षीय बेटा अरमान का सात दिन बात भी कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस प्रशासन और पारिवारिक सदस्यों के लाख प्रयास के बाद भी बच्चे का पता नहीं मिल रहा। जिससे अरमान के परिजन बेहद ही बेचैन हैं। वहीं थाना नंबर 2 के प्रभारी ने एलान किया है कि बच्चे का सुराग देने वाले को ढाई लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। बुधवार तड़के कई थानों की पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर नई आबादी सहित आसपास गांवों में तलाशी ली।
जानकारी के अनुसार एसपी मंजीत सिंह तथा डीएसपी राहुल के आदेश पर सुबह करीब 6 बजे ही थाना नंबर 2 के प्रभारी सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने लाइनपार क्षेत्र स्थित नई आबादी, दुर्गा नगरी, राजीव नगर, जसवंत नगर, चंडीगढ़ मोहल्ला, कंधवाला रोड पर ढाणी विशेषरनाथ में घर-घर जाकर कमरों की तलाशी ली। पुलिस ने न सिर्फ कमरों बल्कि घरों में रखी अनाज की टंकियों, कपड़े वाले संदूकों, तथा बंद कमरों व पशुओं के नोहरों आदि की भी गहनता से तलाशी ली। इससे पूर्व पुलिस ने कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया है।
इधर अपहृत अरमान के परिजनों ने प्रिंट, इलेक्ट्रोनिक व सोशल मीडिया सहित लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें अरमान के बारे में कोई पता हो तो वे परिवार को सूचित करें। वहीं उन्होंने बच्चे के अपहर्ताओं से भी अपील की है कि परिवार से अगर किसी प्रकार की गलती हुई है तो वे माफी मांगते हैं, लेकिन उनका बेटा सकुशल वापस लौटा दें। वहीं थाना प्रभारी सुनील कुमार ने एलान किया है कि अपहृत बच्चे का सुराग लगाने वाले को पुलिस प्रशासन की ओर से ढाई लाख रुपये दिए जाएंगे।
बता दें कि 17 अक्टूबर शाम करीब 7 बजे जब अरमान पुत्र बलजिंद्र सिंह अपने घर के बाहर खेल रहा था। अचानक वहां से गायब हो गया। 24 घंटे तक जब बच्चे का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने प्रशासन के खिलाफ धरना लगाया और उसके बाद से ही पुलिस प्रशासन दिन-रात बच्चे की तलाश में जुटा है। गत दिवस जिला पुलिस प्रमुख भूपेंद्र सिंह ने भी घटनास्थल का दौरा किया और पुलिस कर्मचारियों को कुछ निर्देश जारी किए। उसी आधार पर पुलिस पड़ताल कर रही है, लेकिन पांच दिन बाद भी अरमान का कोई पता न चलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
बच्चा न मिलने से परेशान परिजनों ने चार घंटे लगाया जाम
एक सप्ताह पहले लापता हुए 12 वर्षीय अरमान को ढूंढने में विफल पुलिस प्रशासन के खिलाफ परिजनों ने बुधवार को हनुमानगढ़ रोड ओवरब्रिज पर धरना लगा दिया। जिससे दोनों वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई। परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का सफल प्रयास नहीं कर रही। दोपहर करीब 12 बजे अरमान के पिता बलजिंदर सिंह ने अपने रिश्तेदारों व मोहल्लावासियों सहित पुल पर जाम लगाते हुए कहा कि जब तक उनका बच्चा उन्हें मिल नहीं जाता उन्हें पुलिस कार्रवाई पर बिल्कुल विश्वास नहीं है। फाइनांसर एसोसिएशन के सदस्यों ने भी परिजनों के साथ चक्का जाम करवाया। सूचना मिलते ही डीएसपी राहुल भारद्वाज सहित पुलिस प्रशासन और एसडीएम पूनम सिंह ने मौके पर पहुंच कर अरमान के परिजनों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि वे बच्चे की तलाश कर रहे हैं और शीघ्र ही उसका पता लगा लेंगे। जिस पर शाम करीब 4 बजे परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया।
अबोहर के ढाणी विशेषरनाथ में बच्चे को ढूंढती पुलिस।- फोटो : ABOHAR
अबोहर के तिन्ना कालौनी में बच्चे को ढूंढती पुलिस।- फोटो : ABOHAR