पिछले चार दिन से संघर्ष कर रहे सिख संगठनों ने जैसे ही जालंधर-दिल्ली राजमार्ग जाम किया उसके कुछ देर बाद ही गुरुवार शाम को नकोदर पुलिस ने गायक गुरदास मान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सिख संगठन पिछले चार दिन से एसएसपी ऑफिस के बाहर धरना दे रहे थे और उनका कहना था कि जब तक गायक गुरदास मान पर मामला दर्ज नहीं होता, तब तक वे धरना खत्म नहीं करेंगे।
धरने के बाद भी जब पुलिस हरकत में नहीं आई तो सिख संगठनों ने दोपहर बाद रामा मंडी हाईवे जाम कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आखिर केस दर्ज कर लिया। इस बात की पुष्टि देहात के एसएसपी नवीन सिंगला ने की है। धरने पर बैठे श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कमेटी के प्रमुख बलबीर सिंह व सिख तालमेल कमेटी के प्रमुख तेजिंदर सिंह परदेसी व अन्य सिख संगठनों के नेताओं का कहना है कि गुरदास मान को सजा मिलनी ही चाहिए।
जालंधर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग किया जाम
इससे पहले गायक गुरदास मान पर मामला दर्ज न होने से नाराज सिख संगठनों ने जालंधर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रामा मंडी चौक जाम लगाया। जालंधर में एसएससी ऑफिस के बाहर धरने पर बैठे सिख संगठनों और नकोदर के सिख संगठनों ने गुरुवार सुबह ही जालंधर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रामा मंडी चौक को जाम करने की चेतावनी दी थी। पुलिस ने इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद सिख संगठनों ने दोपहर बाद जालंधर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रामा मंडी चौक पर जाम लगा दिया। राजमार्ग जाम होने के कारण सैकड़ों वाहन इस मार्ग पर फंस गए।
यह है मामला
गायक गुरदास मान ने कहा था कि साईं लाडी शाह सिखों के तीसरे गुरु अमरदास जी के वंशज हैं, जिसको लेकर सिख संगत व संगठन नाराज हो गए। बात दें कि गायक गुरदास मान डेरा बाबा मुराद शाह के मुख्य सेवादार हैं और उनकी गद्दी पर विराजमान हैं। हाल ही में नकोदर में डेरा मुराद शाह में मेला संपन्न हुआ था, जिसमें गुरदास मान ने यह टिप्पणी की थी। इससे पहले भी गुरदास मान हिंदी भाषा की पैरवी कर सिख संगत के निशाने पर आ चुके हैं। उनका कनाडा में जबरदस्त विरोध हुआ था और शो रद्द करना पड़ा था।