संवाद न्यूज एजेंसी
होशियारपुर। होशियारपुर के पास खरकां स्थित सहायक प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी) में 24 सप्ताह का कठोर प्रशिक्षण पूरा करने के बाद 40 महिला कांस्टेबल (बैच नंबर 64) शनिवार को उत्तीर्ण हुईं। महिला कांस्टेबल अनुकंपा के आधार पर बीएसएफ में शामिल हुई हैं।
इस अवसर पर एसटीसी बीएसएफ खरकां कैंप की आईजी सिंधु कुमार मुख्य अतिथि थीं। उनका स्वागत एसटीसी बीएसएफ खरकां के कमांडेंट (प्रशिक्षण) रत्नेश कुमार और अधिकारियों ने किया। परेड के दौरान सभी कांस्टेबल ने मुख्य अतिथि को सामान्य सलामी दी तथा राष्ट्रीय ध्वज के तले संविधान और देश के प्रति निष्ठा की शपथ ली। परेड को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने सभी महिला कांस्टेबल को प्रशिक्षण पूरा करने पर बधाई दी। साथ ही उनके आत्मविश्वास, अनुशासन और समन्वय की प्रशंसा की। उन्होंने महिला कांस्टेबल को बीएसएफ को कॅरिअर विकल्प के रूप में चुनने के लिए सराहना की तथा साहस और उत्साह के साथ देश की सेवा करने तथा देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।