मुक्तसर के कोटकपूरा रोड पर जाम दौरान धरने पर बैठे किसान। संवाद
- फोटो : MUKTSAR
मुक्तसर। किसान जत्थेबंदियों ने शनिवार को कृषि कानूनों के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ कोटकपूरा रोड बाईपास पर जाम लगाया। तीन घंटे चले जाम के दौरान गांव उदेकरन के पास सड़क पर धरना देकर सरकार के खिलाफ भड़ास निकाली गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों व आम लोगों को कॉरपोरेट घरानों का गुलाम बनाना चाहती है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही केंद्र सरकार को हथकंडों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
धरने में किसानों के साथ मजदूर, आढ़तिए, स्वर्णकार, युवा व महिलाएं भी बड़ी गिनती में शामिल हुईं। प्रदर्शन में पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन, डीटीएफ, नौजवान भारत सभा, मजदूर यूनियन, कुलहिंद किसान सभा, कीरती किसान यूनियन समेत विभिन्न यूनियनों के सदस्य शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए रोष जताया। जाम के चलते बसें व अन्य वाहन दूसरे रूट से होकर गंतव्य की ओर गए।