थरियाल में क्रिकेटर सुरेश रैना के फूफा ठेकेदार अशोक कुमार व उनके बेटे कौशल की हत्या व डकैती के आरोपी गिरोह के एक और शातिर को पुलिस ने राजस्थान के सूरजपुर से दबोचा है। तीन आरोपियों को पहले पकड़ा जा चुका है। आरोपी रेहान राजस्थान के जिला झुंझनू के झुग्गियां बाईपास सूरजपुर का रहने वाला है। उससे एक गहना मिलने की बात भी कही जा रही है। वहीं, दूसरी तरफ रैना की बुआ आशा रानी की सेहत में सुधार हुआ है। इलाज कर रहे डॉक्टर अनिल गर्ग ने बताया कि उन्होंने काफी दिनों बाद आंखें खोली हैं।
कचरा बीनने का काम करता था आरोपी
पुलिस सूत्रों का कहना है कि सूरजपुर से पकड़ा गया आरोपी रेहान माधोपुर और आसपास के एरिया में कचरा व प्लास्टिक बीनने का काम करता था। वारदात में इसकी अहम भूमिका भी सामने आई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है। पुलिस इस मामले में पहले ही यूपी के जिला औरैया के गांव शीशगंज सरिया निवासी सावन उर्फ मैचिंग, मोहब्बत निवासी राजस्थान के जिला झुंझुनू के गांव झुग्गियां सूरजगढ़ और शाहरूख खान उर्फ लुकमान निवासी जिला झुंझनू के गांव पिलानी को गिरफ्तार किया है। जो 24 सितंबर तक रिमांड पर हैं। पुलिस ने उनसे दो सोने की अंगूठियां, 1530 रुपये नकद, लकड़ी के 2 डंडे बरामद किए थे।
पुलिस को 10 लोगों की अब भी तलाश
जिला पुलिस को गिरोह के नोशो उर्फ इस्लाम, रसीद उर्फ चलदा फिरदा जुबराना, वाफीला, तवज्जल बीबी, रिंडा उर्फ काजम, साजन उर्फ अमीर, संजू उर्फ छज्जू और एक अज्ञात की तलाश है। पुलिस की टीमें हरियाणा और राजस्थान में दबिश दे रही हैं।
कोट:
फरार चल रहे आरोपियों को काबू करने के लिए पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश दी है। जल्द ही इस गिरोह के सभी आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। - एसपी डिटेक्टिव प्रभजोत सिंह विर्क