भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता नलिन कोहली ने शनिवार को जालंधर
में केंद्र सरकार की नीतियों का खूब गुणगान किया। जैसे ही पंजाब में
नशाखोरी और इसमें अकाली मंत्रियों के नाम आने की बात चली तो कोहली ने
टालमटोल शुरू कर दी। पंजाब के हर मुद्दे पर कोहली ने कहा कि यह तो प्रदेश
सरकार या पार्टी का विषय है, वह इसमें क्या कहें।
कोहली ने कहा कि मोदी
सरकार के आने के बाद से देश में पीएम हाउस मजबूत हुआ है, पहले पीएम हाउस को
गांधी हाउस से चलाया जाता था। अब पीएम हाउस में ही नीतियां बनती हैं और
लागू होती हैं। देश की अर्थव्यवस्था पटरी पर आ गई है और भारत ने पूरे
विश्व में अपनी स्थिति को मजबूत किया है। नलिन ने कहा कि देश में ब्लैक मनी
को लेकर सख्त कानून, एसआईटी बनाई गई है। इसके अलावा गरीबों के लिए जनधन
योजना, अटल पेंशन योजना और इंश्योरेंस योजनाएं शुरू की गई हैं, जिसका फायदा
आम जनता को होने जा रहा है।
इराक में फंसे 39 पंजाबियों का अभी कोई
सुराग नहीं मिला है, इस पर कोहली ने कहा कि केंद्र सरकार इसको लेकर काफी
कोशिश कर रही है कि 39 भारतीयों को खोज निकाला जाए। भाजपा के राष्ट्रीय
प्रधान अमित शाह द्वारा पंजाब दौरे के दौरान युवाओं के नशे की दलदल में
फंसे होने की बात कहने के बाद नशे के खिलाफ अपनी यात्रा को रद्द करने पर
कोहली ने कहा कि यह गलत है कि शाह ने अपनी यात्रा रद्द की थी। दिल्ली
विधानसभा चुनावों के कारण इसे रद्द नहीं, बल्कि कुछ समय के लिए स्थगित किया
गया है। अभी तक भाजपा राजस्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया और अविनाश चंद्र
का इस्तीफा मांगती आई है लेकिन सीएम ने इसको अनसुना कर रखा है। इस पर नलिन
ने कहा कि यह लोकल लीडरशिप का मुद्दा है।
पीएम मोदी और पूर्व पीएम डॉ.
मनमोहन सिंह की मुलाकात पर सवाल उठाया कि भाजपा जिनको व्यर्थशास्त्री कहती
थी, उनको क्या दोबारा अर्थशास्त्री मानने लगी है। इस पर नलिन ने कहा कि यह
एक योजना है, जिसके तहत पीएम मोदी देश के जितने पूर्व पीएम हैं, उनसे
मुलाकात कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों का कम
होना लेकिन पंजाब में तेल के भाव अन्य राज्यों के मुकाबले अधिक होने पर
नलिन ने कहा कि यह पंजाब सरकार का विषय है, इसमें कुछ कह नहीं सकते। गोमांस
पर प्रतिबंध नहीं लगेगा, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बयान पर नलिन
कोहली ने कहा कि यह भी प्रदेश सरकार का अधिकार है, इसमें केंद्र कुछ नहीं
कर सकती। भाजपा शासित प्रदेशों में इसको लेकर जरूर होमवर्क शुरू कर दिया
गया है।