जालंधर के ग्रीन पार्क में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में रहस्य से पर्दा नहीं उठ सका है। पुलिस मामले में अब भी तफ्तीश में जुटी हुई है। इस बीव मृतका का बेटा भी वीरवार को अमेरिका से जालंधर पहुंचेगा। वहीं मृतका की बेटी बुधवार को बंगलूरू से जालंधर पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि मृतका के पास कोई नकदी और सोना नहीं था।
एसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लो ने मृतका की बेटी देवी से बातचीत की। देवी का कहना है कि मां के पास न तो नकदी होती थी और न ही सोना घर में रखा होता था। सिर्फ पहने हुए गहने ही मृतका के पास थे, जिन्हें हत्यारे ने हाथ नहीं लगाया है। उसने स्पष्ट किया कि हत्या का कारण लूट नहीं है।
ऐसे में पुलिस अब इस सवाल का जवाब तलाशने में लगी है कि आखिरकार 80 साल की रक्षा नैय्यर से किसकी क्या दुश्मनी थी? उधर, मृतका का बेटा भी वीरवार को अमेरिका से जालंधर पहुंच रहा है। पुलिस का कहना है कि बेटे व मां के बीच मंगलवार रात क्या बातचीत हुई थी? उससे कुछ सुराग मिल सकता है।
महिला की हत्या जिस हॉकी से की गई है, वह नैय्यर परिवार के घर में ही पड़ी रहती थी। सवाल यह भी है कि मकान का दरवाजा जब अंदर से लॉक था, तो हत्या आखिरकार मकान में कैसे दाखिल हुआ।