बीएसएफ सिपाही एक युवती (20) को शादी का झांसा देकर उससे संबंध बनाता रहा। गर्भ ठहरने पर जबरन उसका गर्भपात करवा दिया गया। यही नहीं अब शादी करने से भी मना कर दिया। जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उक्त मामला थाना सदर के अंतर्गत एक गांव की बस्ती का है। उधर, थाना सदर फिरोजपुर पुलिस ने शनिवार को पीड़िता के बयान पर आरोपी बीएसएफ जवान समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि आरोपी कुलवंत सिंह बीएसएफ में सिपाही के पद पर कार्यरत है। कुलवंत के साथ उसके संबंध बन गए। ये सिलसिला दो साल से चलता आ रहा था। कुलवंत उसे शादी कराने की बात कहकर उससे संबंध बनाता रहा। कुलवंत वर्ष 2019 में छुट्टी लेकर फिरोजपुर आया था और उससे संबंध बनाए। इससे वह गर्भवती हो गई। इस बात की जानकारी उसने कुलवंत को दी।
कुलवंत के परिवार को भी उसके गर्भवती होने का पता चल गया। कुलवंत और उसके परिजनों ने पीड़िता को गर्भपात कराने को कहा। पीड़िता के मुताबिक कुलवंत ने कहा कि शादी तभी करेगा जब गर्भपात करवा लेगी। आरोपियों ने पीड़िता को गर्भपात की दवा देकर उसका गर्भपात करवा दिया। उसके बाद आरोपियों ने शादी से मना कर दिया। कुलवंत ने भी शादी रचाने से मना कर दिया। इस संबंधी पीड़िता ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई और पुलिस को शिकायत दी।
उधर, पीड़िता ने कहा कि कुलवंत सिंह उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा है। इस बात का कुलवंत के पिता फूम्मन सिंह, मां पंजो बीबी व भाई गुरमेज सिंह को पता था। सभी ने मिलकर उसे धोखा दिया और उसका गर्भपात करवा दिया। पीड़िता का कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
दूसरी तरफ, उक्त मामले की तफ्तीश कर रही सब-इंस्पेक्टर अमनदीप कौर के मुताबिक पीड़िता का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद उसके बयान पर कुलवंत सिंह, पंजो बीबी, फुम्मन सिंह व गुरमेज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए छापामारी की जा रही है।