टांडा। नगर में चल रही ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता में गुरुवार को मेरठ और हरियाणा की टीम के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला हुआ। रोमांचक मुकाबले में पेनाल्टी शूटआउट में मेरठ ने हरियाणा को 4-3 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
नगर के मोहल्ला मोती नगर स्थित स्वर्गीय मंसब अली स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता में सेमीफाइनल के लिए हरियाणा और मेरठ आमने सामने थी। मैच की शुरुआत से ही हरियाणा और मेरठ ने आक्रामक खेल दिखाया। दोनों टीमों की ओर से गोल करने के भरसक प्रयास किए गए, लेकिन दोनों ही टीमों के खिलाड़ी निर्धारित समय में कोई गोल नहीं कर सके। दोनों टीमों की ओर से गोल न होने पर मैच रैफरी सचिन विश्नोई ने मैच का फैसला निकालने के लिए दोनो टीमों को पेनाल्टी शूटआउट के लिए बुलाया। रोमांचकारी पेनाल्टी शूटआउट में दोनों टीमों को मिले 5 मौकों में से मेरठ ने 4 मौकों को गोल में बदला और उसके जवाब में हरियाणा के खिलाड़ी मात्र तीन बार ही गेंद गोल पोस्ट में डाल पाए। जिसके चलते मेरठ ने 4-3 से मुकाबला जीतते हुए सेमी फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस दौरान व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री कपिल आर्य ने बेहतरीन प्रदर्शन करने पर मेरठ के गोलकीपर मोहम्मद फैज को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान मकसूद लाला, हाजी अब्दुल समद, हाजी मुशर्रफ, आशीष वर्मा, अश्वनी वर्मा, हाजी शाकील आदि मौजूद रहे। वहीं सईद सागर और नफासत अली ने मैच की कमेंट्री की।