संवाद न्यूज एजेंसी
मानसा। भाखड़ा नहर में छलांग लगाकर खुदकुशी करने वाली मीनाक्षी का शव चार दिन बाद सिरसा के पास नहर से मिला है। उसके परिवार वालाें ने उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मानसा में शव को साथ लेकर प्रदर्शन किया। इस मामले में थाना सिटी 2 की पुलिस ने मीनाक्षी के पति, सास व ससुर समेत परिवार के आठ लोगों खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मीनाक्षी के मायके परिवार का कहना है कि उनकी बेटी को उसका ससुराल परिवार प्रताड़ित कर रहा था। इससे आहत होकर मीनाक्षी ने आत्महत्या कर ली। सिनेमा रोड पर धरने में मीनाक्षी के भाई अमित कुमार व बहन विशाली बंसल ने मांग की कि पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार करे नहीं तो प्रदर्शन तेज किया जाएगा।
बता दें कि मीनाक्षी एक 22 वर्षीय बेटे की मां थी। करीब 24 साल पहले उसका मानसा के राजीव कुमार से विवाह हुआ था। थाना सिटी 2 की पुलिस ने मीनाक्षी के पति राजीव कुमार, देवर शीलू जिंदल, देवरानी मोनिका जिंदल, आदिश जिंदल, जेठ संजीव कुमार, जेठानी वीना जिंदल, ससुर श्रीराम, सास अंगूरी देवी निवासी वार्ड 10 मानसा खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना सिटी 2 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शीघ्र ही दोषियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया।