जालंधर नगर निगम के मेयर सुनील ज्योति की वायरल हुई तस्वीर।
- फोटो : अमर उजाला
मेयर सुनील ज्योति के दफ्तर में सोमवार दोपहर के बाद राष्ट्रीय ध्वज को गलती से उल्टा फहराया गया। मेयर का इस ओर ध्यान न जाने से उन्होेंने उल्टे फहराए तिरंगे के साथ ही फोटो खिंचवा ली।
यह स्टाफ की गलती है या किसी अन्य की, इसका खामियाजा मेयर को भुगतना पड़ रहा है। यह तस्वीर वाट्सऐप और फेसबुक पर वायरल हो गई है। लोगों ने मेयर ज्योति की जमकर किरकिरी की। इसकी जानकारी जैसे ही मेयर को मिली तो उन्होंने तत्काल तिरंगे को सीधा फहराया।
उधर, कांग्रेस सेवा दल के एडिशनल चीफ आर्गनाइजर सिमरनजीत सिंह के नेतृत्व में डीसीपी हरजीत सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेसियों ने डीसीपी से मांग की है कि इस मामले की जांच करवाई जाए और राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने वाले व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया जाए। सिमरनजीत सिंह ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस ने इस मामले पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की तो वह अदालत में जाएंगे। इस दौरान दर्शन सिंह, विनोद खन्ना, गुरदीप सिंह मौजूद थे।