-बोले, शर्मनाक हरकत को कभी माफ नहीं करेगी सिख कौम
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। दिल्ली स्थित गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में पुलिस के कथित प्रवेश की पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने निंदा की है। उन्होंने इसे गुरु घर की मर्यादा और सिख धार्मिक मान्यताओं पर सीधा हमला करार दिया है।
सीएम मान ने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि गुरु घर के दरवाजे जरूरतमंदों को शरण देने के लिए हमेशा खुले रहते हैं। बीते दिन जब विरोध प्रदर्शन कर रहे युवा वहां पहुंचे, तो गुरु घर के सिद्धांतों और परंपराओं के अनुसार सेवादारों ने उन्हें शरण दी। मान ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की दिल्ली पुलिस नंगे सिर और पैरों में जूते पहनकर गुरुद्वारा साहिब परिसर में दाखिल हुई जो सही नहीं है। सिख कौम इस हरकत को कभी नहीं भूलेगी। सीएम मान ने स्पष्ट कहा कि इस शर्मनाक हरकत के लिए सिख समाज और पूरी कौम उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
वहीं बलतेज पन्नू आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज सिंह पन्नू ने कहा कि केंद्र सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि पुलिस को जूते पहनकर गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में घुसने और वहां शरण ले रहे लोगों को घसीटकर ले जाने का आदेश किसने दिया था। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इसकी इस्तीफा लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही उन्होंने इस मामले को लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी और शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं। इसी तरह आप विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने कहा कि भाजपा को सिख भावनाओं का कोई सम्मान नहीं है। पुलिस का जूते पहनकर गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में घुसना एक माफ न करने लायक अपराध है।