जालंधर। एलपीयू में परफॉर्मिंग आर्ट्स एंड थियेटर के फाइनल ईयर के छात्र साहिल कुमार ने वेब-सीरीज ‘कॉलेज डायरीज’ से डेब्यू करते हुए बॉलीवुड इंडस्ट्री में कदम रखा है। वर्तमान में, वह हर्ष बेनीवाल, ऋत्विक साहोर और अन्य सह-कलाकारों के साथ चंडीगढ़ शहर में शूटिंग शेड्यूल पर हैं। विभिन्न जगहों पर अलग-अलग शूटिंग पूरी करने के बाद साहिल कालेज के तीन सीनियर स्टूडेंट्स में से एक की भूमिका में नजर आएंगे।
इससे पहले, उन्होंने सोनी टीवी द्वारा रियलिटी क्राइम टेलीविजन श्रृंखला ‘क्राइम पेट्रोल’ में भी काम किया है। वह इस समय वेब सीरीज से डेब्यू कर रहे हैं, जिसका निर्देशन जाने-माने डायरेक्टर प्रेम मिस्त्री कर रहे हैं। साहिल हमेशा से ही थियेटर और परफॉर्मिंग आर्ट्स से आकर्षित रहे हैं। इससे पहले, उन्होंने एलपीयू से चार राष्ट्रीय रंगमंच प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जहां उन्होंने नाट्यशास्त्र में अपने सर्वोच्च कौशल का प्रदर्शन किया और शीर्ष पुरस्कार और प्रशंसा प्राप्त की। बता दें ललित कला अकादमी (नेशनल एकेडमी ऑफ आर्ट, नई दिल्ली), यूनिवर्सिटी ऑफ पेंसिल्वेनिया (यूएसए) और कई अन्य के साथ एलपीयू का गठजोड़ है।